नगर निगम ने मंगलवार को शहर के मुख्य बाजार इंसार बाजार में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान शुरू किया। बाजार के दुकानदार कार्रवाई के विरोध में उतर आए। दुकानदारों ने निगम अधिकारियों पर भाई भतीजावाद की कार्रवाई का आरोप लगाया। कुछ दुकानदार जेसीबी के आगे खड़े हो गए। दुकानदारों ने करीब एक घंटे तक हंगामा किया। निगम अधिकारियों से लिखित में पांच दिन का समय लिया। निगम अधिकारियों ने पूरे बाजार में घूमकर दुकानदारों को उनकी हद बताई। नगर निगम के एक्सईएन गोपाल कलावत की अगुवाई में टीम मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे इंसार बाजार में सलारजंग गेट की तरफ पहुंची। टीम ने यहां पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। सलारजंग गेट से आगे दुकानों के आगे थड़े और छज्जे तोड़ना शुरू कर दिए। दुकानदारों ने समय मांगा तो निगम अधिकारियों ने मना कर दिया। करीब 10 दुकानों के बाहर छज्जे और डेकोरेशन को भी तोड़ दिया। सलारजंग से आगे चौक पर पहुंचते ही दुकानदार जेसीबी के आगे खड़े हो गए। दुकानदारों ने सरकार और मेयर के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि मंदी और बारिश के चलते पहले से काम नहीं है। संयुक्त व्यापार मंडल के चेयरमैन एवं पार्षद अनिल मदान और महासचिव गौरव लिक्खा, संजय वर्मा और निशांत सोनी दुकानदाराें के बीच पहुंचे।