फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO : सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा ने मिल की चेन पर गन्ना डाल किया पानीपत में पेराई सत्र का शुभारंभ

प्रदेश के सबसे बड़ी और आधुनिक पानीपत के डाहर गांव स्थित शुगर मिल के चौथे और पानीपत सहकारी चीनी मिल का 68 वें पेराई सत्र का मंगलवार को शुभारंभ करने सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा पहुंचे। उन्होंने मिल में गन्ने की चेन पर गन्ना डालकर मिल के पेराई सत्र का शुभारंभ किया। हालांकि कार्यक्रम सुबह 11 बजे निर्धारित किया गया था। इसका न्यौता केंद्रीय विद्युत, आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल, पंचायत विकास एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा, समालखा विधायक मनमोहन भड़ाना और शहरी विधायक प्रमोद विज को भी दिया गया था लेकिन इनमें से सिर्फ मंत्री अरविंद शर्मा ही पहुंचे। उनको भी आने में काफी देर हुई। वे करीब साढ़े तीन बजे मिल में पहुंचे। इस दौरान मंत्री अरविंद शर्मा ने किसानों की समस्याएं भी सुनी। किसानों ने कहा कि शुगर मिल में नगर निगम का कूड़ा डाला जाता है। इससे उनको काफी परेशानी हो रही है। इसका मंत्री ने तुंरत समाधान करवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा मंत्री ने किसानों से उनके भुगतान को लेकर भी सवाल किए। जिस पर कुछ किसानों ने कहा कि समय पर भुगतान नहीं होता तो मंत्री ने अधिकारियों को समय पर किसानों के गन्ने का भुगतान करने के आदेश दिए। मंत्री ने कहा कि जिले में सबसे आधुनिक और बड़ी शुगर मिल है। अबकी बार इसमें जिले के करीब तीन हजार किसान 65 लाख क्विंटल गन्ना पेराई कराएंगे। उन्होंने कहा कि इस समय प्रदेश में गन्ने का उत्पादन कम है लेकिन पानीपत में ज्यादा है। ये सब पानीपत के किसानों का गन्ने के प्रति समर्पण दर्शा रहा है। इस दौरान उन्होंने शाहबाद मिल के अधिकारियों को भी शुभकामनाएं देते हुए वहां के किसानों को भी सराहा। मंत्री ने कहा कि उन्हें शाहबाद मिल में भी जाना था लेकिन व्यस्तता की वजह से वे वहां फिर कभी जाएंगे। उनके साथ राज्य सहकारी चीनी मिल प्रसंघ के अध्यक्ष धर्मबीर सिंह डागर, डीसी वीरेंद्र कुमार दहिया, प्रबंधक निदेशक कैप्टन शक्ति सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव सहकारिता विभाग अंकुर गुप्ता और प्रबंधक निदेशक शुगर मिल मनदीप सिंह भी उपस्थित रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें