अमर उजाला द्वारा मेरी गांव मेरी शान के अंतर्गत मतलौडा में खंड विकास व पंचायत अधिकारी कार्यालय में बुधवार को चौपाल कार्यक्रम कराया गया। इसमें ग्रामीणों ने आगे आकर अपनी समस्या और समाधान की मांग उठाई। इसके साथ सरकार और प्रशासन से इनके समाधान की मांग की। ग्रामीणों ने मतलौडा से राजकीय कन्या कॉलेज को किसी भी सूरत में शिफ्ट न करने देने का फैसला एक सुर में लिया। इसके साथ मतलौडा में बस स्टैंड और जाम का स्थानीय समाधान मांगा। चौपाल कार्यक्रम में मुख्यातिथि बीडीपीओ विशाल रहे। विशिष्ट अतिथि इनेलो के युवा प्रधान महासचिव डॉ. नवीन नैन भालसी, जिला परिषद के पूर्व सदस्य विनय गुप्ता और पंचायत समिति के उपाध्यक्ष के प्रतिनिधि नरेश रहे। ब्लॉक समिति अध्यक्ष के प्रतिनिधि नरेश ने पर्यावरण संरक्षण को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताया। उन्होंने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की मांग उठाई। साथ ही लोगों से स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और पर्यावरण सुरक्षा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।