बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री जीवेश मिश्रा ने कहा कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की सरकार बनेगी और इस बार पिछली बार से अधिक सीटें आएंगी। वे रविवार को पानीपत के सरकारी विश्राम गृह में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बिहार दिवस के उपलक्ष्य में हरियाणा के सात जिलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे दोनों प्रदेशों के लोग अपनी संस्कृति और परंपराओं को साझा कर सकें। स्नेह मिलन समारोह शाम को आर्य पीजी कॉलेज के सभागार में आयोजित किया जाएगा, जिसमें बिहार मूल के गणमान्य लोग शामिल होंगे। जीवेश मिश्रा ने कहा कि पानीपत जैसे औद्योगिक शहर में लाखों बिहारवासी रह रहे हैं और उन्होंने इसे अपनी कर्मभूमि बना लिया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने बिहार के लोगों को रोजगार दिया है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सके हैं। मंत्री जीवेश मिश्रा ने कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार में विकास की रफ्तार तेज की है, जबकि विपक्ष केवल इफ्तार जैसे कार्यक्रमों पर ध्यान दे रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राष्ट्रगान के अपमान के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि एनडीए सपने में भी राष्ट्रगान का अपमान नहीं कर सकती। विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और वे महज राजनीतिक अस्तित्व बचाने के लिए इस तरह के आरोप लगा रहे हैं। इसके बाद मंत्री जीवेश मिश्रा ने बिहार के प्रवासी लोगों से उनके प्रतिष्ठानों पर जाकर मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, बिहार दिवस के प्रदेश सह-संयोजक वेद पारासर, स्नेह मिलन समारोह के जिला संयोजक चंदन मिश्रा, जिला महामंत्री कृष्ण छौक्कर और रोशन माहला मौजूद रहे।