आर्य कॉलेज के विद्यार्थियों ने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी नेशनल युवा महोत्सव में कुल 14 पदक जीत ओवरऑल तृतीय स्थान प्राप्त किया। महोत्सव का आयोजन तमिलनाडु के सत्यभामा इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (डीम्ड विश्वविद्यालय) में 10 से 14 मार्च हुआ। कॉलेज प्रबंधन के अध्यक्ष सुरेंद्र शिंगला ने कहा कि काॅलेज के विद्यार्थियों ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए यह जीत हासिल की। यह केवल कॉलेज की नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की जीत है। उपाध्यक्ष वीरेंद्र शिंगला ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर 12 पुरस्कार जीतना कोई छोटी बात नहीं है। यह जीत दर्शाती है कि यदि अनुशासन और लगन हो, तो कोई भी लक्ष्य नामुमकिन नहीं है। प्राचार्य प्रो. डॉ. जगदीश गुप्ता ने कहा कि 10 से 14 मार्च तक चली इस कड़ी प्रतिस्पर्धा में कॉलेज के कलाकारों ने अपनी ऊर्जा और कला से निर्णायक मंडल का दिल जीत लिया। यह जीत उन सभी शिक्षकों और मेंटर्स की है जिन्होंने दिन-रात इनके साथ मेहनत की। उन्होंने कहा कॉलेज के विद्यार्थियों ने कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच हर श्रेणियों में अपनी कला का लोहा मनवाते हुए महोत्सव में डिबेट (इंग्लिश), मिमिक्री, कोरियोग्राफी, डांस, क्लासिकल नॉन प्रकशन और प्रोसेशन की विधा में प्रथम स्थान, ऑर्केस्ट्रा में द्वितीय, वेस्ट्रन इंस्ट्रूमेंटल सोलो में तृतीय और स्किट में चौथा स्थान हासिल करते हुए नृत्य की विधा में ओवरऑल चैंपियन की ट्रॉफी अपने नाम की। सभी विजेता प्रतिभागियों को 5100-5100 रुपये देकर सम्मानित किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के निदेशक डॉ. रामनिवास ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा का स्तर बहुत कठिन था लेकिन विद्यार्थियों का प्रोसेशन से लेकर क्लासिकल डांस तक का प्रदर्शन त्रुटिहीन रहा। डांस में ओवरऑल चैंपियन बनना सबसे बड़ी उपलब्धि रही। इस अवसर पर डॉ. विजय सिंह, डॉ. नीलू खालसा, प्राध्यापिका आस्था गुप्ता, डॉ. सोनिया सोनी, डॉ. मनीषा ढुढेजा, विवेक गुप्ता, पंकज चौधरी, अकरम खान, दीक्षा नंदा और विकेंद्र उपस्थित रहे।