बुधवार को थाना पुलिस ने थाना परिसर की चहारदीवारी से सटी रेहड़ी-फड़ी हटाने के लिए कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने थाने के बाहर सड़क किनारे खड़े इंपाउंड वाहनों को भी वहां से हटाया। पुलिस की इस कार्रवाई से सड़क पर यातायात व्यवस्था में सुधार होने तथा राहगीरों और वाहन चालकों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली। कई लोगों ने थाने के आसपास से रेहड़ी-फड़ी और इंपाउंड वाहनों को हटाने के कदम को उचित बताया, वहीं दूसरी ओर रेहड़ी-फड़ी संचालकों की ओर से विरोध भी सामने आया।रेहड़ी-फड़ी संचालकों की बात रखने के लिए पहुंचे पार्षद सौरभ गुप्ता और थाना प्रभारी के बीच तीखी बहस भी हुई। थाना प्रभारी राजेश कुमार ने कहा कि थाना परिसर और पुलिस कर्मियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दीवार से सटी रेहड़ी-फड़ी को हटाने की कार्रवाई की गई है।