पंचकूला के रायपुररानी खंड के अंतर्गत आने वाले गांव मौली में रविवार को हुए दलित समाज के विवाह के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है। इस विवाह के आयोजन के बाद से ही गांव में दलित समाज के लोगों को क्षत्रिय समाज द्वारा प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। खासकर दलित महिलाओं, बच्चियों और युवाओं को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे समाज में आक्रोश व्याप्त है। मंगलवार को दलित समाज के लोगों ने रायपुररानी थाने का घेराव कर दिया। बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होकर थाने के बाहर पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। आरोपी है कि उनकी बहू -बेटियों के साथ छेड़छाड़ की जा रही है।