पलवल में सदर थाना क्षेत्र के गांव रजपुरा में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता और उसके डेढ़ माह के बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। बृहस्पतिवार तड़के मां-बेटे के शव ससुराल में मिलने की सूचना से मायके में कोहराम मच गया। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर बेटी और नाती की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति सोहिल खान समेत करीब 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या और दहेज हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नूंह जिले के सलंबा गांव निवासी रौनक अली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी सगुप्ता (25) की शादी वर्ष 2023 में रजपुरा निवासी सोहिल के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष स्कॉर्पियो कार की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करता था। करीब डेढ़ माह पहले सगुप्ता ने बेटे को जन्म दिया था। पिता के अनुसार, बेटे के जन्म के बाद छूछक में भी कार की मांग की गई। आरोप है कि 15 अगस्त को बेटी के साथ मारपीट कर उसे मायके छोड़ दिया गया था।