पलवल में सीआईए पलवल की टीम ने मुठभेड़ के दौरान पांच हजार रुपये के इनामी बदमाश को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान दिघौट निवासी बलराम उर्फ बबली के रूप में हुई है, जो कई संगीन मामलों में वांछित था। डीएसपी सदर मनोज वर्मा ने प्रेसवार्ता के जरिए बताया कि शनिवार तड़के सीआईए इंचार्ज रविंद्र कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बलराम उर्फ बबली अवैध हथियार के साथ दिघौट-पिंगौड रोड पर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी खेतों की ओर भागने लगा। रोकने का प्रयास करने पर उसने देशी पिस्तौल से पुलिस टीम पर दो राउंड फायर कर दिए।