एससीईआरटी गुरुग्राम के निर्देशन और डाइट महेंद्रगढ़ के तत्वावधान में जिले में चल रही युवा संसद प्रतियोगिताओं की कड़ी में मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दोचाना में युवा संसद का भव्य आयोजन किया गया। पर्यवेक्षक डॉ. संजय शर्मा ने बताया कि खंड स्तरीय प्रतियोगिता में मंगलवार को नारनौल खंड में दोचाना स्कूल में युवा संसद प्रतियोगिता 2025 का आयोजन हुआ। यह अंतिम खंड स्तरीय प्रस्तुति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या अल्पना मित्तल एवं प्रवक्ता डॉ. जितेन्द्र भारद्वाज ने किया। पर्यवेक्षक के रूप में राजनीति विज्ञान के प्रवक्ता डॉ. संजय शर्मा तथा स्टेट अवार्डी प्रवक्ता डॉ. जितेन्द्र भारद्वाज तथा डाइट प्रवक्ता जितेन्द्र कुमार बोहरा उपस्थित रहे। संयोजन विद्यालय के राजनीति विज्ञान लेक्चरर संजय यादव ने किया। कार्यक्रम में बोलते हुए डॉ. संजय शर्मा ने कहा कि युवा संसद युवा व्यक्तियों को संसदीय शैली की बहस, चर्चा और निर्णय लेने की प्रक्रियाओं में शामिल होने के लिए एक मंच प्रदान करती है। डॉ. जितेन्द्र भारद्वाज ने कहा कि विद्यालय में छात्रों के बीच नेतृत्व कौशल, नागरिक जागरूकता और लोकतांत्रिक सिद्धांतों की गहरी समझ को बढ़ावा देने में युवा संसद महत्वपूर्ण है। डाइट प्रवक्ता जितेन्द्र कुमार ने कहा कि इस कार्यक्रम से प्रतिभागियों को अपने प्रत्यक्ष अनुभव से शासन और नीतिगत मुद्दों की जानकारी प्राप्त होती है। विद्यालय प्राचार्य अल्पना मित्तल ने कहा कि यह आयोजन विद्यार्थियों की नेतृत्व क्षमता और अभिनय प्रतिभा निखारने का बहुत अच्छा माध्यम रहा है।