यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया के रेवाड़ी आगमन पर सोमवार को यूथ कांग्रेस महेंद्रगढ़ की ओर से भव्य, गरिमामय एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया। इस अवसर पर महेंद्रगढ़ जिला अध्यक्ष यूथ कांग्रेस महेंद्रगढ़ पुनीत बुलान ने पारंपरिक साफा पहनाकर एवं माला पहनाकर प्रदेश अध्यक्ष का आत्मीय स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया। रेवाड़ी जिला अध्यक्ष यूथ कांग्रेस राज प्रकाश की गरिमामयी उपस्थिति के साथ चांदराम भोड़ीवाल मंढाणा एवं संजीव गोठवाल बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिससे पूरे आयोजन में जोश, उत्साह और संगठनात्मक एकजुटता साफ तौर पर दिखाई दी। इस मौके पर जिला अध्यक्ष पुनीत बुलान ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया के नेतृत्व में हरियाणा की यूथ कांग्रेस नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने यूथ कांग्रेस महेंद्रगढ़ की सक्रियता, अनुशासन और संगठनात्मक मजबूती की सराहना करते हुए कहा कि महेंद्रगढ़ की यूथ कांग्रेस जमीनी स्तर पर शानदार कार्य कर रही है। ऐसे समर्पित युवा कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं।