नारनौल रोडवेज डिपो के बस के चालक व परिचालक को महिला यात्री के साथ अभद्रता करने के मामले में झुंझुनू पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि महिला के साथ किराये को लेकर झुंझुनू पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक नोएडा निवासी एक 20 वर्षीय युवती दिल्ली से बीकानेर जाने के लिए हरियाणा रोडवेज बस में बैठी थी। यह रोडवेज दिल्ली से झुंझुनूं तक की थी। बस झुंझुनूं में बुधवार शाम को करीब छह बजे पहुंच गई। सभी सवारियां भी चली गई। लेकिन हरियाणा रोडवेज के ड्राइवर और कंडक्टर ने रात 12 बजे तक युवती को उसका सामान नहीं दिया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच किराए को लेकर विवाद था। लेकिन युवती अपना सामान लेने के लिए परेशान होती रही। रात को 12 बजे बाद युवती ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन पर अपने साथ अभद्रता की शिकायत करते हुए बताया कि हरियाणा रोडवेज के ड्राइवर और कंडक्टर उसका सामान नहीं दे रहे हैं। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ना केवल युवती को उसका सामान दिलवाया। बल्कि युवती की रिपोर्ट पर नारनौल डिपो के कंडक्टर विपिन और ड्राइवर सुरेश को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद युवती बीकानेर के लिए रवाना हो गई। बता दें कि जो हरियाणा रोडवेज कल शाम को झुंझुनूं आई थी। वो सुबह वापिस दिल्ली के लिए रवाना होनी थी। लेकिन पुलिस कार्रवाई के कारण रोडवेज बस भी सुबह रवाना नहीं हो पाई और दिनभर बस डिपो में खड़ी रही।