नेशनल हाईवे नंबर 148-बी पर रविवार देर शाम सड़क हादसे में बाइक सवार युवक और युवती की मौत हो गई। युवती अपनी सहेली के पास उनके गांव शाहपुर अव्वल आई थी, जिसे वापस घर छोड़ने जाते समय ट्रक चालक ने टक्कर मार दी जिससे मौत हो गई। शाहपुर अव्वल निवासी करण सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 14 दिसंबर को उनके घर नसीबपुर निवासी निकिता उनकी बेटी सुधा से मिलने आई थी। दोनों आपस में सहेलियां थीं। जब रविवार शाम को वह अपनी बेटी सुधा और उसकी सहेली निकिता को लेकर नेशनल हाईवे 148-बी सड़क से नारनौल की ओर जा रहा था तो रास्ते में उनका भतीजा सुधीर मिल गया। जिसके साथ निकिता को बैठा दिया और नसीबपुर छोड़ने की बात कही। इस दौरान कुछ दूरी के बाद ही एक ट्रक चालक ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी जिससे दोनों की मौत हो गई। सोमवार को दोनों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया।