लोकसंस्कृति संरक्षण प्रकोष्ठ एवं मातृशक्ति यज्ञ समिति द्वारा हुडा सेक्टर स्थित योग कक्षा में 63वीं यज्ञ व योग संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 22,515वां पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। यज्ञ उपरांत मातृशक्ति ने पारंपरिक लोकगीत गाकर समाज की खुशहाली, बेटियों की सुरक्षा और सशक्तिकरण की कामना की। यज्ञ संयोजिका एवं समाजसेविका डॉ. कृष्णा कुमारी आर्या ने बताया कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से यज्ञ, योग, स्वास्थ्य, पौधारोपण और सामाजिक सेवा जैसे कार्य नियमित रूप से किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने यज्ञ में आहुतियां देकर बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि नवरात्र जैसे पर्व बेटियों के महत्व को दर्शाते हैं और कन्या भ्रूणहत्या जैसे अपराधों पर रोक लगाना समाज की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में पूनम व दक्ष मुख्य यजमान रहे, जबकि योगाचार्या सरोज कश्यप ने योगाभ्यास करवाया। इस अवसर पर ललिता यादव, मीरा वर्मा, सीमा अग्रवाल सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं।