मालड़ा गांव के युवाओं में भारतीय सेना में भर्ती होकर देशसेवा करने का जज्बा लगातार बढ़ रहा है। सुविधाओं के अभाव के बावजूद युवा अपने दम पर सेना भर्ती की तैयारी में जुटे हैं। गांव में मौजूद दो खेल मैदानों की बदहाल स्थिति और खेल सुविधाओं की कमी उनके सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के दो खेल मैदानों में लंबे समय से रखरखाव का अभाव है। मैदानों में घास उगी हुई है और नियमित सफाई नहीं होने से अभ्यास में परेशानी होती है। कहीं खेल उपकरणों का अभाव है तो कहीं मैदान की समुचित देखरेख नहीं हो पा रही। ऐसे में युवा खुले मैदानों और कच्ची पगडंडियों पर दौड़ लगाकर अपनी शारीरिक तैयारी पूरी करने को मजबूर हैं। सेना भर्ती की तैयारी के लिए दौड़, लंबी कूद, शारीरिक दक्षता और फिटनेस पर विशेष ध्यान देना पड़ता है, लेकिन गांव में न तो राजकीय कोच उपलब्ध हैं और न ही किसी प्रकार का फिटनेस प्रशिक्षण केंद्र बनाया गया है।