नारनौल। शहर के सिंघाना रोड पर वीरवार सुबह तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से साइकिल सवार एक बुजुर्ग की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग करीब पांच फुट ऊपर उछलकर दस फुट दूर जा गिरा। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सिंघाना रोड निवासी जगजीत ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पिता लाल सिंह (80) रोजाना की तरह सुबह सैर के लिए निकले थे। करीब साढ़े छह बजे वह साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आई एक कार ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग कई फीट उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें नागरिक अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक कार सहित फरार हो गया। परिजनों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस को सौंप दी है। पुलिस शिकायत के आधार पर कार चालक की तलाश कर रही है।