समाधान शिविर नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए एक बहुत ही बेहतरीन प्लेटफार्म है। ऐसे में यहां आने वाली हर शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक्शन टेकन रिपोर्ट भेजी जाए ताकि वह शिकायत बार-बार ना आए। ये निर्देश उपायुक्त अनुपमा अंजलि ने सोमवार को लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर के दौरान उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए दिए। सोमवार को समाधान शिविर में 74 नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखी। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि हम सबका यह कर्तव्य बनता है कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं तथा सेवाओं का लाभ आम जनता तक जल्द से जल्द पहुंचे। उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रत्येक सोमवार तथा वीरवार को सभी उपमंडल में 10 से 12 बजे तक इन समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शिविर के दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की और उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।