कनीना क्षेत्र के 11 आंगनबाड़ी केंद्रों पर पिछले डेढ़ महीने से बच्चों को मिलने वाला पोषण राशन बंद पड़ा है, जिससे छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं व माताओं के पोषण पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। जहां राशन रखा जाता था, उस भवन का किराया एक वर्ष से अधिक समय से न चुकाने के कारण भवन मालिक ने ताला लगा दिया है। इसके चलते राशन वितरण पूरी तरह ठप हो गया। स्थिति का जायजा लेने के लिए पार्षद दीपक चौधरी, पार्षद योगेश कुमार व मनीष ने विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का दौरा किया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार की लापरवाही का खामियाजा मासूम बच्चों व जरूरतमंद महिलाओं को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे इस मुद्दे को उच्च स्तर पर उठाएंगे। आंगनबाड़ी सुपरवाइजर सुमन लता ने बताया कि पिछले एक वर्ष से अधिक समय से राशन गोदाम का किराया बकाया है। किराया न मिलने के कारण भवन पर ताला लगा दिया गया, जिससे पिछले डेढ़ महीने से राशन का वितरण नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि इस समस्या को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया जा चुका है व उम्मीद है कि जल्द ही समाधान कर राशन वितरण पुनः शुरू कराया जाएगा। मोहन सिंह, राजकुमार यादव, कर्मवीर, सचिन शर्मा, देवेंद्र यादव, नीरज चौधरी सहित अन्य ने सरकार से मांग की है कि आंगनबाड़ी व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए स्थायी समाधान किया जाए, ताकि बच्चों व महिलाओं को समय पर पोषण आहार मिल सके। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि जल्द व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो इसका सीधा असर बच्चों के स्वास्थ्य व विकास पर पड़ेगा।