एसयूसीआई कम्युनिस्ट के आह्वान पर मंगलवार को कार्यकर्ताओं ने फलस्तीन में डोनाल्ड ट्रंप की तथाकथित शांति योजना के विरोध में मजदूर चौक पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता सबसे पहले पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस नारनौल के सामने एकत्रित हुए। इसके बाद जुलूस के रूप में मजदूर चौक पहुंचे और अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा फलस्तीन को उपनिवेश बनाने के प्रस्ताव के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) के जिला सचिव कॉमरेड ओमप्रकाश ने कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध रोकने के नाम पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक शांति योजना प्रस्तावित की है, जो एक औपनिवेशिक ढांचे में फलस्तीन की जनता को गुलाम बनाने के अलावा और कुछ नहीं है। जहां फलस्तीन के लोग अमेरिकी-इजराइली शासकों के हमेशा कैदी बने रहेंगे। इस अवसर पर छाजूराम रावत, मास्टर बिजेंद्र सिंह, शेर सिंह गणियार, सतीश कुमार, डॉ. व्रतपाल सिंह, कामरेड अभय सिंह चंदपुरा, सीताराम, ईश्वर सिंह तोताहेड़ी, जैना राम, अभिमन्यु सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।