दक्षिणी हरियाणा की राजनीति में चार जनवरी के बाद सियासी घमासान अब थमने का नाम नहीं ले रहा है। दक्षिणी हरियाणा के कई नेताओं के वीडियो अब जमकर वायरल हो रहे हैं। इस घमासान की शुरुआत चार जनवरी को नांगल चौधरी के गांव भुंगारका में आयोजित एक कार्यक्रम से हुई थी। इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री डॉ. अभय यादव ने बिना किसी का नाम लिए केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की राजनीति पर तीखे कटाक्ष किए थे। इसके बाद से ही क्षेत्र में सियासी घमासान मचा हुआ है और लगातार बयानबाजी व पलटवार का दौर जारी है। पहले अक्सर कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर सवाल उठते रहे हैं, लेकिन अब भाजपा के भीतर भी कुछ नेताओं की टीस और असंतोष खुलकर सामने आने लगा है।