कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए नारनौल डिपो से 50 बसें भेजने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी निजामपुर, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, सतनाली, कनीना, अटेली, बहरोड खाटू श्याम, नांगल चौधरी सहित अनेक ग्रामीण व छोटे रूटों पर बनी रही। बस की कमी के कारण निर्धारित समय पर बस का संचालन नहीं हो पाया और यात्रियों को दो से तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा। जानकारी के अनुसार नारनौल डिपो से प्रतिदिन 140 रोडवेज व 20 किमी स्कीम के तहत बसों का संचालन किया जाता है। जिसमें से करीब 78 छोटे व ग्रामीण और 82 बस लंबे रूट पर संचालित की जाती है। लेकिन 50 बस कार्यक्रम में भेजने के बाद केवल 110 ही संचालित की गई। नारनौल डिपो में छोटे व ग्रामीण रूट पर संचालित बसों की संख्या में सबसे ज्यादा कटौती की गई।