शहर स्थित नागरिक अस्पताल में शनिवार को चिकित्सकों ने वर्क सस्पेंड रखा और उपचार की आस लेकर पहुंचे मरीजों को निराश लौटना पड़ा। अस्पताल में मरीजों के उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से किसी प्रकार की वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की गई। शनिवार को केवल एक्स-रे सुविधा ही चालू रही जबकि अन्य किसी प्रकार की जांच की गई। वहीं, मरीजों को ओपीडी पर आते ही चिकित्सकों के हड़ताल की सूचना मिलते ही उनके चेहरे लटक गए। इसके अलावा अस्पताल में 120 मरीजों को दवाएं दी गई। जानिये मरीजों की परेशानी.... गांव गोमला से यहां पर उपचार के लिए आया था। अब ओपीडी काउंटर पर चिकित्सकों की हड़ताल का पता चला। मुझे पांच दिन से बुखार व जुकाम है। अब निजी अस्पताल में दवा लेनी पड़ेगी। - शंकर, गोमला। मुझे पेट संबंधी दिक्कत हो रही है और मैं बुचावास से आज इलाज के लिए आई थी। हड़ताल के कारण उपचार नहीं हो पाया है और अब सोमवार को अस्पताल में जांच करानी पड़ेगी। -रीना, बूचावास मेरी बहन गर्भवती है और पेट शाम से हल्का दर्द हो रहा है। इसकी जांच कराने के लिए बास मोहल्ला से आई हूं। अब चिकित्सक न होने के कारण बिना उपचार के ही वापस लौटना पड़ रहा है। - दीपिका, महेंद्रगढ़ शहर मुझे एक सप्ताह से बुखार और जुकाम हो रहा है। इससे काफी परेशानी हो रही है। अब कक्ष में गया तो चिकित्सक ही नहीं मिले। अब केवल दवा लेकर लौटना पड़ा। - कमल, मोहल्ला जवाहर