हुडा सेक्टर में स्थानीय लोगों की सुविधा और सैर-सपाटे के लिए करीब एक दर्जन पार्क बने हुए हैं। लेकिन सभी पार्क बदहाल स्थिति में है। इनमें शहीद उद्यम सिंह पार्क में लंबे समय से तीन-तीन फीट पानी जमा होने से तालाब बना हुआ है। महाराणा प्रताप पार्क और विवेकानंद पार्क सहित अन्य का भी यही हाल है। कहीं पार्कों में पानी जमा है तो कहीं कीचड़, जिस कारण आस-पास का वातावरण दुर्गंधमय बना रहता है। साथ ही दूषित जल जनित बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना रहता है। स्थानीय लोगों द्वारा हुडा सेक्टर में बने पार्कों की बेहतर व्यवस्था के लिए संबंधित विभाग को अनेक बार अलग-अलग माध्यम से अवगत करवाया गया है।