जिले में शूटिंग खेल के प्रशिक्षण के लिए एक भी विभागीय और निजी खेल नर्सरी संचालित नहीं हैं। गत सत्र 2024-25 में शूटिंग खेल के लिए रेवाड़ी रोड स्थित निजी अकादमी को निजी खेल नर्सरी के तहत संचालित किया गया था। लेकिन सत्र 2025-26 में अभी केवल 8 विभागीय और ग्राम पंचायत व सरकारी स्कूल के अंतर्गत 30 निजी खेल नर्सरियों को ही संचालित किया जा रहा है। निजी संस्थानों में चलने वाली खेल नर्सरी के लिए सूची उच्च खेल विभाग द्वारा अभी जारी नहीं की गई है। जिस कारण गत सत्र में निजी खेल नर्सरी के तहत शूटिंग खेल का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों को सरकार द्वारा जारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। गत सत्र में संचालित शूटिंग खेल के लिए निजी खेल नर्सरी में करीब 25 खिलाड़ी शूटिंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे, जिन्हें डाइट राशि सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा था। गत सत्र में स्कूल नेशनल प्रतियोगिता के दौरान 10 मीटर एयर पिस्टल वर्ग में प्रिंस ने कांस्य और प्री-नेशनल प्रतियोगिता में रोहित तंवर ने रजत पदक जीता था। वहीं 30 खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भाग लिया था। अभी भी राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के लिए 8 खिलाड़ी चयनित हुए हैं।