प्रधानमंत्री 17 जुलाई को करेंगे महर्षि च्यवन राजकीय मेडिकल कॉलेज तथा राव तुलाराम अस्पताल कोरियावास का वर्चुअल उद्घाटन स्थानीय स्तर पर कोरियावास में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव होंगी मुख्य अतिथि आईपीडी में 600 बैड की क्षमता के साथ होगी शुरुआत संवाद न्यूज एजेंसी नारनौल। दक्षिण हरियाणा के सबसे बड़े और बहुप्रतीक्षित स्वास्थ्य प्रोजेक्ट के लोकार्पण की तैयारियों को लेकर सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के निदेशक यशेंद्र सिंह ने महर्षि च्यवन राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर का दौरा किया। वहां चल रही तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की। इस मौके पर उनके साथ उपायुक्त अनुपमा अंजली तथा पुलिस अधीक्षक दीपक भी मौजूद थे। आगामी 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद एकलव्य स्टेडियम में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह से वर्चुअल माध्यम से जिला महेंद्रगढ़ के कोरियावास में लगभग 76 एकड़ में नवनिर्मित महर्षि च्यवन राजकीय मेडिकल कॉलेज तथा राव तुलाराम अस्पताल का विधिवत उद्घाटन करेंगे। इस आधुनिक मेडिकल कॉलेज में आपातकालीन दुर्घटना तथा आईपीडी सेवा शुरू हो गई है। इस आईपीडी में 600 बैड की क्षमता के साथ शुरुआत होगी। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को समय रहते सभी पुख्ता प्रबंध पूरे करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने बताया कि जींद के मुख्य समारोह से सीधे जुड़ने के लिए मेडिकल कॉलेज परिसर में एक विशाल एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी, जिसके माध्यम से जिलावासी प्रधानमंत्री के इस वर्चुअल उद्घाटन के गवाह बनेंगे। इस दौरान लोगों को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का लाइव संबोधन सुनने का भी मौका मिलेगा। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर कोरियावास में हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेगी। इस मौके पर मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. बिजेंद्र सिंह, एडीसी तरुण कुमार पवारिया, एसडीएम नारनौल अनिरुद्ध यादव, सचिव आरटीए मनोज कुमार व सीएमओ डॉ अशोक कुमार तथा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।