महेंद्रगढ़ में 1 नवंबर से अब तक दो माह के दौरान 366 शिकायतें प्राप्त हुई हैं इनमें से 191 का निपटान किया जा चुका है। यह बात समीक्षा बैठक में उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने कहीं। शुक्रवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समाधान प्रकोष्ठ की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्त जुड़े थे। इस दौरान उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने जिला महेंद्रगढ़ में प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक आयोजित किए जा रहे समाधान शिविरों की प्रगति रिपोर्ट मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। सीएम ने कहा कि हरियाणा सरकार आमजन की शिकायतों को लेकर अत्यंत गंभीर है। इसका प्रमाण समाधान प्रकोष्ठ के अब तक के आंकड़ें हैं। 8 अक्तूबर 2024 से 31 दिसंबर 2025 तक की अवधि में प्रदेश में कुल 68,047 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें से 45,870 (67 प्रतिशत) का सफलतापूर्वक समाधान किया जा चुका है। उन्होंने अधिकारियों को इसी प्रकार पूरी गंभीरता के साथ इन समाधान शिविरों में आने वाली शिकायतों का निपटान करने के निर्देश दिए।