प्रयागराज जाने के लिए श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। जिसकी वजह से नारनौल डिपो से शनिवार को दूसरी बस सेवा भी शुरू कर दी गई है। इन दोनों बसों में सोमवार को 114 यात्री रवाना हुए हैं। यात्री भार अधिक होने की वजह से रोडवेज महाप्रबंधक ने शनिवार से दो बस चलाने के निर्देश दिए थे। इस दौरान पहली बस दोपहर एक बजे और दूसरी बस आधे घंटे बाद डेढ़ बजे रवाना हुई। गौरतलब है कि डिपो से 5 फरवरी को प्रयागराज के लिए बस सेवा शुरू की गई थी। इसके बाद से लोगों में महाकुंभ को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सोमवार को दोनों बसों में 57-57 लोग प्रयागराज के लिए रवाना हुए हैं। लोगों का कहना है कि सीधी बस सेवा शुरू हो जाने से कम लागत में प्रयागराज जाना संभव हो पाया है। ज्ञात रहे कि महाप्रबंधक के निर्देशानुसार प्रयागराज जाने के इच्छुक लोगों को एक दिन पहले टिकट बुक करवाना अनिवार्य है, ताकि यात्रियों को सीट नंबर प्राप्त हो सकें और परेशानी का सामना न करना पड़े। अब तक 459 यात्री कर चुके सफर रोडवेज बस सेवा शुरू होने के बाद से अब तक 459 यात्री प्रयागराज के लिए रवाना हुए हैं। पांच फरवरी को 15, छह फरवरी को 30 और सात फरवरी को 80, 8 फरवरी को 110, 9 फरवरी को भी 110 व 10 फरवरी को 114 यात्री प्रयागराज के लिए रवाना हुए। साथ ही 27 फरवरी तक बसों को नियमित संचालन जारी रहेगा। महाप्रबंधक के दिशा-निर्देशानुसार प्रयागराज के लिए अब दो बसों का संचालन शुरू किया जा चुका है। नारनौल से प्रयागराज के लिए पहली बस दोपहर 1 बजे और दूसरी बस दोपहर 1.30 बजे और प्रयागराज से नारनौल के लिए पहली बस दोपहर 3 बजे और दूसरी बस दोपहर 3.30 बजे संचालित की जा रही है। साथ ही लोगों में महाकुंभ के लिए खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। -राजेश कुमार, बस अड्डा इंचार्ज, रोडवेज डिपो।