नांगल चौधरी क्षेत्र के गांव नायन निवासी युवक राकेश की जयपुर में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक वह करीब 16-17 दिन पहले गांव के ही रोशन के साथ मजदूरी करने गया था। मृतक के भाई शेर सिंह ने बताया कि उन्हें फोन पर सूचना दी गई कि राकेश की करंट लगने से जान गई है, जिसके बाद रोशन शव को गांव लेकर पहुंचा। परिजनों ने शव देखते ही संदेह जताया और अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। उनका कहना है कि शरीर पर बिजली के झटके के बजाय मारपीट के स्पष्ट निशान थे। हाथों से लेकर पेट तक चोटें दिखाई दीं, त्वचा कई जगह काली पड़ी थी और नाक से खून बह रहा था। घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नारनौल के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर हर्ष चौहान ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।