यादव सभा महेंद्रगढ़ में शनिवार को आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान विधायक ने सभा पर भाजपा सरकार की ओर से दी गई सहयोग राशि के बोर्डों को छिपाकर रखने के आरोप लगाए। अन्य पार्टियों के सहयोग राशि के बोर्डों को शान से लगाने व सभा की कार्यशैली पर सवाल उठाने के बाद हंगामा खड़ा हो गया। विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि यादव सभा की ओर से तिरंगा यात्रा में कोई सहयोग नहीं किया गया। विधायक के आरोपों के बाद स्वास्थ्य मंत्री के सामने ही कार्यक्रम में दस मिनट तक हंगामा चलता रहा। यादव सभा के प्रधान एडवोकेट अभयराम ने मंच से ही इसका विरोध कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सहयोग करने वाले का नाम बोर्ड पर अंकित होता है। प्रदेश सरकार की ओर से दिए गए सहयोग राशि के भी बोर्ड लगे हुए हैं। विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि पिछले 11 सालों के कार्यकाल में प्रदेश की भाजपा सरकार की ओर से सभा में करोड़ों रुपये का आर्थिक सहयोग किया है। लेकिन सभा द्वारा उस सहयोग राशि के बोर्डों को छिपाकर रख लिया गया। जबकि विपक्षी पार्टियों के बोर्ड लगाए गए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में शहर के व्यापारियों, आमजन, विभिन्न संगठनों ने सहयोग किया लेकिन यादव सभा ने कोई सहयोग नहीं किया। उन्होंने सभा के लिए हर संभव सहयोग किया है। कांग्रेस की ओर से दिए गए सहयोग के बोर्ड शान से लगे हुए हैं। विधायक के आरोपों के बाद सभा के कुछ पदाधिकारियों की ओर से इसका विरोध किया गया। मंच संचालक ने बार-बार अनुरोध कर हंगामें को शांत कराया। इसी दौरान सभा कार्यालय से कुछ लोगों ने बोर्ड लाकर मौके पर ही लोगों के सामने दिखाए।