रसोई गैस सिलेंडर के कमर्शियल उपयोग को लेकर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने रविवार को शहर में दूसरे दिन भी छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान कई होटलों और ढाबों सहित हलवाई बाजार में छापेमारी की। घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग करते पाए जाने पर विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए कई सिलेंडर जब्त किए। अचानक हुई इस कार्रवाई से होटल और ढाबा संचालकों में हड़कंप मच गया। विभाग की टीम ने आज तालाब बहादुर सिंह रोड, राजीव चौक, किला रोड, बहरोड रोड, आजाद चौक, मानक चौक तथा मेहता चौक पर अभियान चालाया।