रोहतक के खैरड़ी मोड़ के पास हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले नारनौल की रामकरण दास कॉलोनी निवासी मनीष जैन उनके छोटे भाई मनोज जैन तथा सिरोही बहाली के जालपोड़ा की ढाणी निवासी संदीप का शुक्रवार सुबह अंतिम संस्कार कर दिया गया। तीनों के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में परिजन, रिश्तेदार, परिचित और शहरवासी पहुंचे। नम आंखों से सभी ने उन्हें अंतिम विदाई दी। हादसे के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने और शव देर शाम नारनौल पहुंचने के कारण वीरवार को अंतिम संस्कार नहीं हो सका था। रातभर तीनों के शव नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए। शुक्रवार सुबह परिजनों ने अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कीं। जानकारी के अनुसार मनीष जैन और मनोज जैन राजस्थान के नीमकाथाना क्षेत्र में क्रशर का कारोबार करते थे। दोनों भाई कारोबारी कार्य से जालंधर गए हुए थे और वीरवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे नारनौल लौट रहे थे। कार मनोज जैन चला रहे थे। इसी दौरान रोहतक के खैरड़ी मोड़ के पास आगे चल रहे ट्रक चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से उनकी टाटा पंच कार ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे से नारनौल शहर और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है।