शहर स्थित पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड एवं राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण के तत्वाधान में अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस मनाया गया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि आईएफएस विजेंद्र सिंह ने शिरकत की। इस वर्ष की जैव विविधता थीम- एक्टिंग लोकली फॉर ग्लोबल इंपैक्ट रही। कार्यक्रम हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड (एचएसबीबी) के जिला समन्वयक देशराज शर्मा ने संचालित किया। पहले दिन के कार्यक्रम में महेंद्रगढ़ जिले के अनेकों सरकारी तथा निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न जैव विविधता एवं पर्यावरण विषयों पर अनेकों प्रतियोगिताओं में भाग लिया। मुख्य वक्ता अरुण कुमार ने पर्यावरण व जैव विविधता पर संक्षेप में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमारे चारों ओर मौजूद यह हरियाली, चहचाहते पक्षी, नदियां और यहां तक की छोटे-छोटे कीड़े मकोड़े भी हमारे जीवन का कितना अभिन्न अंग है। इसी संपूर्णता और विविधता को हम जैव विविधता कहते हैं। अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य बिठाकर जीवन जीने की याद दिलाता है। अंत में मुख्य अतिथि बिजेंद्र सिंह ने बताया कि जैव विविधता मात्र पेड़-पौधों और जानवरों का समूह नहीं है बल्कि यह उस जीवन के ताने-बाने का नाम है, जिस पर हम सब निर्भर हैं। छोटे से सूक्ष्मजीव से लेकर विशालकाय वृक्ष तक हर एक प्रजाति इस पारिस्थितिकी तंत्र को संतुलित रखने में अपनी अद्वितीय भूमिका निभाती है। आज मानवीय लालच और अनियंत्रित विकास की अंधी दौड़ ने इस संतुलन को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाया है। वनों की कटाई, अंधाधुंध प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के कारण लाखों प्रजातियां विलुप्त होने की कगार पर हैं। हमें जैव विविधता को बनाए रखना है। इस दौरान संस्थान प्रभारी प्रेमवती देवी, पारुल यादव, नीलम यादव, शर्मिला यादव, कमलेश, रेखा सैनी, रजनी, अनीता, अनीता यादव, उर्मिला यादव आदि मौजूद रहे।