हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने आज महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज कोरियावास (नारनौल) में नवनिर्मित राव तुलाराम अस्पताल के बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) और रेडियोलॉजी विभाग का उद्घाटन किया। नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अस्पताल में ओपीडी सेवाओं का शुभारंभ अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हरियाणा के हर जिले में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि आमजन को बेहतर उपचार के लिए कहीं दूर न जाना पड़े। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। आमजन को बेहतरीन और सस्ती स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना ही सरकार का मुख्य लक्ष्य है और इसी दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल यहां पर 100 सीटों पर एमबीबीएस के दाखिले हैं। अब प्रयास है कि 150 सीटों पर एमबीबीएस के दाखिले हों। उन्होंने कहा कि यह तो उनके एक साल के कार्यकाल का छोटा सा ट्रेलर था फिल्म अभी बाकी है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव ने कहा कि राव तुलाराम अस्पताल में इन विभागों के विधिवत संचालन से अब स्थानीय स्तर पर ही मरीजों को विश्वस्तरीय रेडियोलॉजी जांच और विशेषज्ञों का परामर्श मिल सकेगा। आने वाले समय में यहां और भी अधिक सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि शहीदों के नाम से इस अस्पताल का नामकरण होना हम सबके लिए गर्व की बात है। मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. बृजेंद्र सिंह ढिल्लों ने मेडिकल कॉलेज में चल रही सुविधाओं की जानकारी दी। इस मौके पर हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर टंकेश्वर कुमार, पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय रोहतक के वाइस चांसलर डॉ. एच.के. अग्रवाल, बीजेपी के जिला अध्यक्ष डॉ यतेंद्र राव तथा सीएमओ डॉ अशोक कुमार के अलावा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।