नांगल चौधरी में उपमंडल स्तर पर चौधरी बैजनाथ महिला कॉलेज में मनाए जाने वाले गणतंत्र दिवस समारोह की आज फुल ड्रेस रिहर्सल की गई। एसडीएम उदय सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद उन्होंने परेड निरीक्षण किया तथा मार्च पास्ट की सलामी ली। उपमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में एनआईटी फरीदाबाद विधायक सतीश कुमार फागना मुख्यातिथि के तौर पर शिरकत कर ध्वजारोहण करेंगे। एसडीएम ने संबोधित करते हुए कहा कि 26 जनवरी केवल एक तारीख नहीं है, बल्कि यह हमारे संविधान की शक्ति और उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का प्रतीक है जिन्होंने एक सशक्त भारत की कल्पना की थी। गणतंत्र दिवस हमारा राष्ट्रीय गौरव है। यह दिन हमें हमारे संविधान की याद दिलाता है। परेड की सलामी लेने के बाद उपमंडल अधिकारी ने कार्यक्रम की बारीकियों का निरीक्षण किया। उन्होंने परेड कमांडर व सांस्कृतिक प्रभारियों को अनुशासन और समन्वय के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का समय निश्चित होना चाहिए। उन्होंने झांकियों के संबंध में भी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अपनी-अपनी झांकियों को सही वक्त पर मैदान में लेकर पहुंचे। फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान परेड कमांडर पीएसआई प्रतीक कुमार ने परेड को कमान दी। कार्यक्रम में मंच संचालन राजकीय महिला महाविद्यालय नारनौल से प्रोफेसर डा. ममता शर्मा ने किया। इस मौके पर तहसीलदार निशा, मेजर सतीश दहिया राजकीय महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. अनिल यादव, चौधरी बैजनाथ महिला कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. अनीता तंवर, बीडीपीओ इशान शर्मा, बीईओ विकास जयदीप, नगरपालिका से रूपेश यादव के अलावा अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।