गांव कोरियावास में सोमवार सुबह ईंधन में अचानक आग लग गई। इस आग की चपेट में आकर करीब 40 घरों का रखा हुआ ईंधन जलकर राख हो गया, जिससे ग्रामीणों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। जानकारी के अनुसार, गांव के दादावाला कुआं के पास खाली पड़ी जगह पर आसपास के करीब 40 परिवारों ने सरसों की कटाई के बाद अपने-अपने धांसे जमा कर रखे थे। इनका उपयोग वे रोजमर्रा के चूल्हे जलाने के लिए करते थे। सोमवार सुबह करीब 11 बजे अचानक इन धांसों में आग लग गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। ग्रामीण घनश्याम ने बताया कि आग तेजी से फैलती गई और देखते ही देखते कई लोगों का ईंधन जलकर नष्ट हो गया। प्रभावित लोगों में राजकुमार, महावीर, सूबे सिंह, श्रीपाल, राजेश, उगनता, बुधराम और कृष्ण सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं। ग्रामीणों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी, लेकिन कर्मचारियों की हड़ताल के चलते दमकल गाड़ी समय पर नहीं पहुंच सकी। ऐसे में ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में प्रशासन द्वारा रोडवेज विभाग से ड्राइवर और अन्य कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।