नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की शाखा एवं अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन हरियाणा के आह्वान पर नारनौल में फायर विभाग कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। इस दौरान नगर पालिका कर्मचारी संघ इकाई नारनौल ने भी हड़ताल को अपना समर्थन दिया। मांग पूरी नहीं होने पर दो दिन और हड़ताल बढ़ा दी गई है। कर्मचारियों ने बताया कि 16 फरवरी को फरीदाबाद में भीषण आग पर काबू पाने के दौरान हुए विस्फोट में दो फायरकर्मी भविचंद शर्मा और रणवीर सिंह की मौत हो गई थी। यूनियन की मांग है कि दोनों दिवंगत कर्मचारियों को न्याय दिया जाए, उनके परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए तथा उन्हें शहीद का दर्जा प्रदान किया जाए। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि इस मामले को लेकर सरकार से कई बार बातचीत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री स्तर पर सहमति जताने के बावजूद मांगों पर अमल नहीं हुआ है। यूनियन ने चेतावनी दी कि 9 अप्रैल को पंचकूला में सरकार के साथ होने वाली बैठक में यदि कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो यह हड़ताल अनिश्चितकालीन रूप ले सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की होगी। इस मौके पर अग्निशमन विभाग इकाई नारनौल के प्रधान गुरदयाल सिंह, दिनेश कुमार, आकाश जांगड़ा, विक्रम सिंह, लीलाराम, सर्व कर्मचारी संघ के राज्य सचिव महेंद्र बोयत, नगर पालिका कर्मचारी संघ के राज्य कैशियर महेंद्र सिंह सांगलिया, जिला प्रधान राहुल सरवन, महावीर प्रसाद, भीम सिंह और कौशल यादव सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।