संवाद न्यूज एजेंसी नारनौल। पुलिस अधीक्षक आवास के सामने बुधवार सुबह एक मकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने तुरंत पहुंचकर आग पर काबू पाया। समय रहते कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और कोई हताहत नहीं हुआ। महावीर चौकी इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम से आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जांच में पता चला कि यह मकान एडवोकेट प्रदीप यादव का है। घटना के समय उनकी पत्नी डॉ. संगीता घर में मौजूद थीं। आग इन्वर्टर और बैटरी में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से लगी थी। शुरुआती सूचना में आग फैलने की आशंका थी। एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। थाना प्रभारी सिटी नारनौल भी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि इन्वर्टर और बैटरी को समय रहते सुरक्षित हटा दिया गया।