श्रीराम सेवा ट्रस्ट एवं अमर उजाला फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को गांव गुजरवास में रीति आई केयर हॉस्पिटल रेवाड़ी की ओर से नेत्र जांच शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में नेत्र विशेषज्ञ टीम ने आधुनिक मशीनों के द्वारा मरीजों की आंखों की जांच की और आवश्यकता के अनुसार दवाइयां और चश्मे भी दिए। शिविर का शुभारंभ करते हुए सीनियर बैंकर विनय अग्रवाल ने कहा कि श्रीराम सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस तरह के शिविर समाज के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण हैं और हमें इनका समर्थन करना चाहिए। सरपंच वर्षा रानी ने ट्रस्ट और अस्पताल की टीम को धन्यवाद दिया और कहा कि उनके प्रयासों से गांव के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है। ट्रस्ट के प्रधान ओपी चौहान ने बताया कि शिविर में 253 लोगों की नेत्र-जांच की गई। रीति आई केयर हॉस्पिटल के द्वारा 38 मरीजों को आंखों के ऑपरेशन के लिए रेफर किया गया तथा 95 मरीजों को निशुल्क चश्मे वितरित किए गए। आंखों के ऑपरेशन के लिए 26 व 28 अगस्त की तिथि निर्धारित की गई है। इस अवसर पर सेंट जॉन ब्रिगेड ऑफिसर डॉ. सीएस वर्मा प्रभाकर, बीर सिंह नंबरदार, मेजर भवानी सिंह, हवलदार कन्हैयालाल, सोनू गोठवाल, डॉ. रामगोपाल, नारायणदत्त बंसल, नरेंद्र सिंह सोनू, अजीत गोठवाल, कर्ण सिंह, यशराम रोहिला, ओमवीर सहित अनेक गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।