सिंघाना रोड स्थित बिजली निगम कार्यालय में 14वीं बिजली अदालत का आयोजन किया गया। बिजली अदालत में जिले भर से 6 उपभोक्ताओं ने अधीक्षक अभियंता जोगेंद्र हुड्डा के समक्ष शिकायत दर्ज करवाई। नारनौल शहरी क्षेत्र से दो, नारनौल ग्रामीण क्षेत्र से एक, सिहमा से दो और महेंद्रगढ़ शहरी क्षेत्र से एक उपभोक्ता ने शिकायत दर्ज करवाई। नारनौल शहरी क्षेत्र से एक उपभोक्ता ने बिजली बिल में कटौती और एक उपभोक्ता ने बिजली की चोरी में लगाए गए जुर्माने की राशि की उचित गणना के बाबत शिकायत दर्ज करवाई। नारनौल ग्रामीण क्षेत्र से एक उपभोक्ता ने 11 हजार की लाइन को शिफ्ट करने के लिए, सिहमा क्षेत्र से एक उपभोक्ता ने आंधी के कारण गिरे बिजली के खंभे को दोबारा लगाने और एक उपभोक्ता ने बिजली के पुराने तार की जगह नई केबल लगाने की शिकायत दर्ज करवाई। वहीं महेंद्रगढ़ शहरी क्षेत्र के एक उपभोक्ता ने बिजली कनेक्शन से संबंधित शिकायत दर्ज करवाई। उपभोक्ताओं द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए।