शहर के वार्ड नंबर 9 (पटीकरा) में पीडब्ल्यूडी विभाग की लापरवाही अब लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है। गांव के अंदर जाने वाले मुख्य मार्ग पर पानी की पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई थी, लेकिन काम अधूरा छोड़कर गड्ढे वैसे ही छोड़ दिए गए। यह वही रास्ता है, जहां से रोजाना सैकड़ों वाहन और राहगीर गुजरते हैं। दिन हो या रात, हर समय हादसे का खतरा बना हुआ है। पूर्व वार्ड पंच कंवर सिंह यादव ने विभाग ने कहा कि यदि समय रहते पाइपलाइन का कार्य पूरा नहीं किया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी विभाग की होगी। स्थानीय निवासी रमेश यादव ने कहा कि ऐसे गड्ढे छोड़ना लोगों को मौत के मुंह में धकेलने जैसा है। वहीं सुरेश स्वामी ने सवाल उठाया कि क्या विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि तुरंत गड्ढे भरकर मार्ग को सुरक्षित बनाया जाए, नहीं तो यह रास्ता हादसों का रास्ता बन जाएगा।