नारनौल डिपो में किलोमीटर स्कीम के तहत संचालित बस के ड्राइवर ने शराब के नशे में बस स्टैंड परिसर में खड़ी दूसरी बस को टक्कर मार दी। जिसके बाद यात्रियों में खलबली मच गई और यात्रियों ने बस व ड्राइवर बदलने की मांग की। जानकारी के अनुसार किलोमीटर स्कीम के तहत संचालित एक बस सुबह करीब 6 बजकर 20 मिनट पर गुरुग्राम के लिए रवाना होती है। इसके बाद गुरुग्राम से जयपुर और जयपुर से नारनौल तक संचालित की जाती है। करीब 6 बजे किलोमीटर के तहत संचालित बस नारनौल डिपो पहुंची। बस को गुरुग्राम वाले बूथ पर बस को लगाया गया। इस दौरान बस के कंडक्टर ने देखा की ड्राइवर शीशे पर लगे वाइपर को ठीक कर रहा था। कंडक्टर ने ड्राइवर से पूछताछ की तो उसने बताया कि वाइपर खराब है। वह इसे ठीक कर रहा है। कंडक्टर ने खराब वाइपर की शिकायत बस अड्डा इंचार्ज दीवान सिंह से की। जिसके बाद दीवान सिंह ने ड्राइवर को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि अगर वाइपर ठीक नहीं होता है तो सुबह हो रही बारिश के दौरान वह बस रवानगी की इजाजत नहीं देंगे।