37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत वीरवार को बाइक जागरूकता रैली निकालकर एनएचएआई ने वाहन चालकों को जागरूक किया। यह रैली नीरपुर से बाछौद तक निकाली गई। परियोजना प्रबंधक वैभव शर्मा ने कहा कि आज के दिन सबसे ज्यादा बाइक सवार हादसे के शिकार हो रहे हैं जिससे उनकी जान तक चली जाती है। अगर बाइक चलाते समय हेलमेट सहित अन्य जरूरी सावधानी बरती जाए तो हादसा होने से बचा जा सकता है। साथ ही बाइक चालकों को सड़क पर चलते समय ज्ञात होना चाहिए कि उन्हें किस लाइन पर तेज, मध्यम और धीरे चलानी चाहिए। अक्सर देखने में आता है कि बाइक चलाते समय युवा मोबाइल पर बात करते चलते हैं जो हादसों का सबसे बड़ा कारण है। यह अभियान हरियाणा एचएएम प्रोजेक्ट के तहत चल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियां स्वास्थ्य सुरक्षा के साथ-साथ समुदाय को सड़क सुरक्षा अभियानों से जोड़ने में सहायक सिद्ध होती हैं।