फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नारनौल में सड़क हादसों को रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय: अतिरिक्त उपायुक्त तरुण पावरिया

हरियाणा सरकार के निर्देशों की पालना करते हुए जिला प्रशासन सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार लघु सचिवालय में अतिरिक्त उपायुक्त तरुण पावरिया की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति और सुरक्षित स्कूल वाहन नीति की मासिक बैठक हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश अनुसार जिला प्रशासन के प्रयासों से सड़क दुर्घटनाओं और मृत्यु दर में कमी आई है। उन्होंने बताया कि जनवरी 2025 में जहां जिले में 26 दुर्घटनाएं हुई थीं, वहीं जनवरी 2026 में यह संख्या घटकर 12 रह गई है। इसी प्रकार सड़क हादसों में होने वाली मौतों का आंकड़ा भी पिछले वर्ष जनवरी के 11 के मुकाबले इस वर्ष घटकर 4 रह गया है। अतिरिक्त उपायुक्त ने इन आंकड़ों को और कम करने के लिए पुलिस और संबंधित विभागों को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स) की पहचान कर उनकी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त उपायुक्त ने सड़क बनाने वाली एजेंसियों को निर्देश दिए कि सड़कों पर बने अवैध कटों को तुरंत बंद किया जाए और टूटी हुई सड़कों व गड्ढों को 30 दिनों के भीतर ठीक किया जाए। अधिकारियों ने बैठक में बताया पिछली बैठक में मिले निर्देश अनुसार कनीना-सिहोर रोड पर पेड़ों की टहनियों की कटाई का कार्य पूर्ण कर लिया गया है और रिफ्लेक्टर लगाए गए हैं। एडीसी ने नेशनल हाईवे-152डी पर अवैध ढाबों और चाय की दुकानों को बंद करने के निर्देश दिए ताकि वाहनों के अवैध ठहराव के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके। स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे एक सप्ताह के भीतर अपने क्षेत्रों में स्कूल बसों की सघन चेकिंग करें। उन्होंने बताया कि जनवरी से अब तक 75 स्कूल बसों की जांच की गई, जिसमें से नियमों का उल्लंघन करने वाली 4 बसों के चालान किए गए हैं। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। दिसंबर 2025 में ओवरस्पीडिंग के 797, बिना हेलमेट के 1508 और शराब पीकर गाड़ी चलाने के 56 चालान किए गए। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाने के लिए शिक्षा विभाग और आरटीए को कॉलेजों व स्कूलों में हर सप्ताह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनवरी 2026 तक 619 स्कूल बस चालकों और परिचालकों की आंखों की जांच की गई है। अतिरिक्त उपायुक्त ने सिविल सर्जन को निर्देश दिए कि वाहन पासिंग के दिन ड्राइवरों के लिए नियमित रूप से स्वास्थ्य और आंखों की जांच के कैंप आयोजित किए जाएं। अतिरिक्त उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस बैठक में असिस्टेंट आरटीए भारत भूषण ने प्रगति रिपोर्ट पेश की। इस मौके पर डीएमसी रणवीर सिंह, एसडीएम नांगल चौधरी उदय सिंह, एसडीएम कनीना डॉ जितेंद्र सिंह, नगराधीश डॉ मंगलसेन तथा डीएसपी सुरेश कुमार के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें