नारनौल। राजकीय पीजी कॉलेज में बुधवार को सुबह 10 बजे सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। यह ड्रिल किसी भी संभावित आपात स्थिति या आपदा के समय विभिन्न प्रशासनिक विभागों के आपसी तालमेल और त्वरित राहत कार्य को परखने के लिए होगी। मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में उपायुक्त अनुपमा अंजली की अध्यक्षता में एक समन्वय बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त अनुपमा अंजली ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि आपातकालीन स्थिति में एक-एक सेकंड कीमती होता है। इसलिए सभी विभाग आपसी तालमेल को मजबूत रखें। उपायुक्त ने मॉक ड्रिल में लापरवाही न बरतने को कहा। उन्होंने सभी एजेंसियों को मुस्तैदी से अपनी भूमिका निभाने के निर्देश दिए। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार भी मौजूद थे। स्वास्थ्य विभाग को तुरंत चिकित्सा सहायता चौकी स्थापित करने के निर्देश मिले। उन्हें प्राथमिक उपचार, घायलों के वर्गीकरण और एंबुलेंस की त्वरित तैनाती सुनिश्चित करनी होगी। पुलिस और एसडीआरएफ को भीड़ नियंत्रण तथा यातायात मार्ग परिवर्तन के लिए तैयार रहने को कहा गया। मलबे से सुरक्षित बचाव के लिए भी उन्हें पूरी तैयारी रखनी होगी। बिजली निगम को बिजली गुल स्थिति और सुरक्षा पर ध्यान देने को कहा गया। बीएसएनएल को आपातकालीन संचार संपर्क सुचारू रखने के लिए निर्देशित किया गया। यह अभ्यास आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करेगा।