संवाद न्यूज एजेंसी नारनौल। जिला नगर योजनाकार की टीम ने शुक्रवार को शहरी क्षेत्र नारनौल में बड़ी कार्रवाई की। बाईपास रोड और बीपीएस स्कूल के पास कुल्ताजपुर रोड पर राजस्व संपदा मौजा रसूलपुर में लगभग पांच एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में तोड़फोड़ की गई। इस कार्रवाई में पांच एकड़ भूमि में बनी 10 डीपीसी, नौ चारदीवारी, दो मकान और एक दुकान को ध्वस्त कर दिया गया। इसके साथ ही सभी रोड नेटवर्क भी उखाड़ दिए गए। यह पूरी तोड़फोड़ ड्यूटी मजिस्ट्रेट सत्येंद्र कुमार सहायक नगर योजनाकार नारनौल की अगुवाई में हुई। पुलिस बल की मौजूदगी और जिला प्रशासन की मदद से यह कार्रवाई अमल में लाई गई। जिला नगर योजनाकार मंदीप सिंह सिहाग ने कहा कि नियंत्रित क्षेत्र या शहरी क्षेत्र में कोई भी निर्माण बिना विभागीय अनुमति के न करें। निदेशक, नगर तथा ग्राम आयोजना विभाग, हरियाणा, चंडीगढ़ से लाइसेंस अनुमति लेने के बाद ही कृषि भूमि को रिहायशी या वाणिज्यिक उपयोग के लिए परिवर्तित करें। ऐसा न करने पर चूककर्ताओं के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी अवैध कॉलोनी में प्रॉपर्टी डीलरों के बहकावे में आकर प्लॉट न खरीदें और न ही अवैध निर्माण करें। कोई भी प्लॉट खरीदने से पहले कॉलोनी की वैधता और निर्माण से पहले नियमानुसार अनुमति लेने के बारे में जिला नगर योजनाकार कार्यालय, नारनौल से किसी भी कार्यदिवस में पता किया जा सकता है। जिला नगर योजनाकार ने बताया कि भविष्य में जिले में अन्य स्थानों पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।