लोगों की सुविधा के लिए करीब आठ साल पहले बनाया गया अटल पार्क इन दिनों बदहाली का शिकार बना हुआ है। पार्क की हालत ऐसी हो गई है कि यह लोगों के लिए सुविधा के बजाय परेशानी का कारण बनता जा रहा है। शाम होते ही पार्क में असामाजिक तत्वों की भीड़ लगने लग जाती है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2018 में नगर परिषद ने कैलाश नगर क्षेत्र में करीब सात एकड़ जमीन पर अत्याधुनिक स्मार्ट पार्क विकसित करने की योजना बनाई थी। इस पार्क का नाम अटल पार्क रखा गया था और इसके लिए करीब 2.69 करोड़ रुपये का टेंडर भी जारी किया गया था। योजना के तहत पार्क में हरी घास, फूलदार और छायादार पौधे, फव्वारे, टहलने के लिए गोलाकार ट्रैक और सार्वजनिक शौचालय जैसी सुविधाएं विकसित की जानी थीं, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर वातावरण मिल सके। लेकिन आठ साल बीत जाने के बाद भी योजना कागजों से बाहर नहीं निकल सकी।