शहर के जलमहल रोड स्थित नई अनाज मंडी व सब्जी मंडी क्षेत्र में पिछले करीब एक माह से गोवंश में फैल रहे संक्रमण को लेकर चिंता बढ़ गई है। रविवार को पशु पालन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर गोवंश की जांच की। व्यापारियों के अनुसार इस संक्रमण के चलते बीते एक माह में 10 से 15 गोवंश की मौत हो चुकी है, जिससे मंडी क्षेत्र में दहशत का माहौल है। गोवंश की लगातार हो रही मौतों को देखकर सब्जी मंडी के व्यापारियों को आशंका है कि कहीं वर्ष 2022 की तरह लंपी बीमारी जैसी कोई संक्रामक बीमारी दोबारा तो नहीं फैल रही। उल्लेखनीय है कि नई अनाज मंडी और सब्जी मंडी साथ-साथ स्थित हैं। प्रतिदिन सुबह सब्जी मंडी में थोक कारोबार होने के कारण सैकड़ों की संख्या में गोवंश यहां विचरण करते रहते हैं। व्यापारियों का कहना है कि मंडी क्षेत्र में घूम रहे कई गोवंश में गंभीर संक्रमण के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। कुछ पशुओं के पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर बड़े-बड़े जख्म हो रहे हैं, जिन्हें देखकर लोगों से सहन नहीं होता। कई गोवंश कमजोरी के कारण उठने-बैठने में भी असमर्थ नजर आ रहे हैं। इस संक्रमण के कारण अब तक करीब दर्जन भर गोवंश की मौत हो चुकी है।