राजकीय महाविद्यालय में अमर उजाला व हिंदी विभाग के सौजन्य से संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी डॉ. पूर्ण प्रभा व प्राचार्य डॉ. जगजीत सिंह मोर की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगजीत सिंह मोर ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इस कार्यक्रम का संचालन करते हुए कॉलेज के प्रेस प्रवक्ता डॉ. चंद्रमोहन ने कहा कि हिंदी दिवस को लेकर आयोजित कार्यक्रम में समस्त प्राध्यापकों सहित छात्रों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. जगजीत सिंह मोर ने कहा कि हिंदी हमारी मातृभाषा है और यह हमारे जीवन में अहम भूमिका निभाती है। हमें हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए अधिक प्रयास करने चाहिए ताकि यह नई पीढ़ी तक पहुंचे। हिंदी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मीना कुमारी ने कहा कि हिंदी भाषा हमारे इतिहास, संस्कृति और साहित्य का अभिन्न अंग है। डॉ. मनप्रीत कौर ने कहा कि हिंदी ने हमारी अखंडता को बनाए रखा है। हिंदी भाषा के कारण ही आज हम भारतवासी अनेकता से एकता के सूत्र में बंधे हुए हैं। डॉ. अजय तंवर ने हिंदी की महत्ता के संदर्भ को बताया। उन्होनें कहा कि इसकी क्षेत्र में हम युवाओं को आगे-आने की आवश्यकता है। हिंदी हमारी मातृभाषा है जो संपूर्ण देश को एकता के सूत्र में बांध रखा है। डॉ. सत्यपाल सुलोदिया ने कहा कि अगर हमें स्वराज्य के लिए जीना है तो हमे हिंदी के लिए जीना होगा। हिंदी हमारे जीवन का आधार जो हमारे व्यक्तित्व तथा राष्ट्रीयता की परिचायक है। इसके अलावा अनिकेत, अजय तंवर तथा सुशील कुमार ने भी हिंदी पर अपने सुंदर विचार प्रस्तुत किए। इस कार्यक्रम में डॉ. अमित कुमार, डॉ. वेनिका, डॉ. गीता रानी व डॉ. कपील आदि भी मौजूद रहे।