नारनौल-नांगल चौधरी रोड पर एक पिकअप चालक ने नई अनाज मंडी के पास बाइक सवार को टक्कर मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पिकअप चालक को मौके पर ही पकड़ लिया गया। घटना वीरवार सुबह करीब 11 बजे की है। मिली जानकारी के अनुसार नारनौल के छिप्पी जोहड़ के पास रहने वाला प्रमोद गांवों में जाकर कपड़ा बेचने का कार्य करता था। वह, वीरवार को प्रतिदिन की तरह घर से गांवों में कपड़ा बेचने के लिए अपनी बाइक पर निकला था, लेकिन नई अनाज मंडी के पास पहुंचा तो एक तेज रफ्तार पिकअप चालक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान आसपास के लोग एकत्रित हो गए और पिकअप चालक को पकड़ लिया। इसके बाद डायल 112 को घटना की सूचना दी। वहीं, प्रमोद को एंबुलेंस की मदद से नारनौल के नागरिक अस्पताल में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच कर मृत घोषित कर दिया।