सिंघाना रोड स्थित सर्किल कार्यालय में बुधवार को बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता अधीक्षक अभियंता जोगेंद्र हुड्डा ने की, इस दौरान जिले के सभी बिजली अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल स्थापना के लाभों, विशेषताओं व प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देना रहा। अधीक्षक अभियंता जोगेंद्र हुड्डा ने कहा कि यह योजना देश को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने बताया कि सोलर पैनल लगवाने से उपभोक्ताओं के बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आएगी, जिससे परिवारों को हर महीने आर्थिक राहत मिलेगी। कई मामलों में उपभोक्ता शून्य या बेहद कम बिजली बिल का लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि सोलर पैनल स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा का स्रोत है, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है और पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम होती है। सरकार द्वारा प्रदान की जा रही सब्सिडी के कारण यह योजना आमजन के लिए किफायती और सुविधाजनक बन गई है। उन्होंने बताया कि यह प्रणाली दीर्घकालिक और टिकाऊ है, जिसका रख-रखाव आसान है। यदि उत्पादन अधिक होता है तो उपभोक्ता अतिरिक्त बिजली ग्रिड में बेचकर आर्थिक लाभ भी कमा सकते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे स्वयं इस योजना का लाभ उठाएं और अपने पड़ोसियों, रिश्तेदारों व आम नागरिकों को भी योजना की जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक लोग इस जनहितकारी योजना से जुड़ सकें। इस अवसर पर अनेक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।